साधन सहकारी समिति के कर्मचारी पर किशोरी से अभद्रता का आरोप

Spread the love

 

 

 

Greater Noida :- रबूपुरा,कस्बा स्थित साधन सहकारी समिति के गोदाम से डीएपी खाद लेने आई एक किशोरी के साथ वहां मौजूद एक कर्मचारी द्वारा अभद्रता करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता के स्वजन ने मामले की शिकायत विभागीय अधिकारियों से की है सहायक आयुक्त ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। क्षेत्र के गांव चांदपुर निवासी भीमपाल ने बताया कि उनकी भतीजी दीपिका (17) रबूपुरा सहकारी समिति के गोदाम पर डीएपी लेने गई थी। दीपिका के पिता की कुछ समय पहले मौत हो चुकी है। सुबह से लाइन में लगने के बाद डीएपी लेने के लिए दीपिका का नंबर आया तो वहां मौजूद कर्मचारी ने जमीन की खतौनी में उसका नाम नहीं होने की बात कहकर डीएपी खाद देने से साफ मना कर दिया। आरोप है कि कर्मचारी ने जमीन की खतौनी व अन्य कागजात पीड़िता के हाथ से छीनकर उसके ऊपर फेंक दिए और उसके साथ दुर्व्यवहार किया। कर्मचारी के द्वारा अचानक किए गए दुर्व्यवहार से पीड़िता सहम गई और आहत होकर वहीं पर रोने लगी। पीड़िता के स्वजन ने अधिकारियों से इसकी शिकायत करते हुए कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में सहायक आयुक्त सहकारिता विवेका सिंह ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया है कि मामले की जांच कर आरोपित कर्मचारी के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *