Harigarh:जिले में पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदकों को स्थानीय पासपोर्ट कार्यालय से साक्षात्कार के लिए अपॉइंटमेंट (कार्यालय से मिलने वाला समय) का समय नहीं मिल रहा है। जिनको समय मिल रहा है, उन्हें तीन महीने बाद की तारीख मिल रही है। वर्तमान में 310 आवेदन लंबित हैं। ऐसे में परेशान आवेदक दूसरे शहरों तक दौड़ लगा रहे हैं। अलीगढ़ के अधिकांश लोग पड़ोसी जनपद हाथरस के चक्कर लगा रहे हैं। वहां आवेदन कर वहीं से पासपोर्ट बनवा रहे हैं। आलम ये है कि बीते पांच वर्ष में अलीगढ़ के 10800 लोगों के पासपोर्ट तो केवल हाथरस से बने हैं। बाकी कुछ लोगों ने गाजियाबाद से पासपोर्ट बनवाएं हैं। पासपोर्ट के लिए अलीगढ़ कार्यालय में समय नहीं मिलने से विदेश यात्राओं पर जाने वाले सबसे ज्यादा चिंतित हैं। उन्हें पासपोर्ट बनवाने के लिए तीन माह तक का इंतजार करना पड़ रहा है। इस वजह से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सर्दी की छुट्टियों में कई कंपनियों के कर्मचारी विदेश घूमने जाते हैं। इसलिए उनके अरमानों पर पानी फिर रहा है।