Greater Noida:कांग्रेस की प्रदेश कमेटी, सभी जिला, शहर और ब्लॉक कमेटी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बृहस्पतिवार देर रात कमेटी भंग करने का आदेश जारी कर दिया। अब 2027 विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेशभर में सभी कमेटियां नए सिरे से गठित की जाएंगी। लोकसभा चुनाव के बाद प्रदेश में नए सिरे से संगठन विस्तार की रणनीति बनी थी। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कई जिलों का दौरा भी किया। इस बीच केंद्रीय कमेटी की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सभी राज्यों में प्रदेश से लेकर ब्लॉक स्तर पर पुनर्गठन का निर्देश दिया। ऐसे में उत्तर प्रदेश से इसकी शुरुआत हो गई है। अब यहां सभी कमेटियों का नए सिरे से गठन होगा। प्रदेश में लगाए गए सभी छह राष्ट्रीय सचिव, प्रदेश अध्यक्ष जिलेवार दौरा कर सक्रिय नेताओं को चिह्नित कर उन्हें जिम्मेदारी सौंपेंगे। प्रदेश से लेकर ब्लॉक स्तर की कमेटी को विधानसभा चुनाव के लिए तैयार किया जाएगा। मालूम हो कि अजय राय 17 अगस्त 2023 को प्रदेश अध्यक्ष बने थे और 25 नवंबर को प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की थी। कार्यकारिणी में 16 उपाध्यक्ष, 38 महासचिव और 76 सचिव बनाए गए थे।