फर्जी आयुष्मान कार्ड घोटाले में ईडी ने मारे छापे

Spread the love

New Delhi : आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) के फर्जी कार्ड बनाने वाले अस्पतालों पर अगस्त में ईडी के छापे के दौरान 88 लाख रुपये और विभिन्न दस्तावेज व डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं। स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने एक लिखित उत्तर में बताया कि ईडी ने अगस्त में आयुष्मान योजना के फर्जी कार्ड बनाने से संबंधित मामले में 20 स्थानों पर तलाशी ली। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों की तलाशी ली गई उनमें सात अस्पताल और प्रबंधन से जुड़े कुछ मुख्य लोगों के ठिकाने शामिल हैं। ये छापे दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश के श्री बांके बिहारी अस्पताल, फॉर्टिस हॉस्पिटल हिमाचल हेल्थकेयर प्रा. लि., सिटी सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल, श्री बालाजी हॉस्पिटल, श्री हरिहर हॉस्पिटल, सूद नर्सिंग होमा, नीलकंठ हॉस्पिटल में पड़े। साक्ष्य एकत्र करने के लिए अस्पताल में तलाशी ली गई। असम में एबी-पीएमजेएवाई के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों की ओर से फर्जी दावों से संबंधित तीन मामले ईडी ने दर्ज किए हैं। जाधव ने बताया कि आयुष्मान योजना 33 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों में लागू है। एबीपीएमजेएवाई के तहत इस साल नवंबर तक 8.39 करोड़ अस्पतालों में 1.16 लाख करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की भर्तियों को अधिकृत किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *