Greater Noida: भारतीय खाद्य निगम सेक्टर-24 नोएडा के जोनल कार्यालय पर 30 सितंबर से दलित सेना के बैनर तले चल रहा श्रमिकों का धरना व भूख हड़ताल सोमवार को समाप्त हो गई। भूख हड़ताल पर बैठे दलित सेना के प्रदेश अध्यक्ष सचितानंद साधु व चार श्रमिक बच्चा बाबू यादव, सकलदेव, राजेश चौधरी व विजय प्रकाश को राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय खाद्य उद्योग मंत्री पशुपति कुमार पारस ने जूस पिलाकर भूख हड़ताल व धरना समाप्त कराया। उन्होंने एफसीआइ के अधिकारियों से पुराने लोगों को निकालकर नए रखे गए लोगों की लिस्ट मांगी और एक महीने के अंदर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। सचितानंद साधु ने बताया कि भारतीय खाद्य निगम गोंडा डिपो से 456 श्रमिकों को निकालकर 222 नए श्रमिक रख लिए साथ ही शाहजहांपुर रोजा डिपो से भी 250 श्रमिकों को निकाल दिया था। इसको लेकर धरना दिया जा रहा था। उन्होंने कहा कि एक माह के अंदर यदि हल नहीं निकला तो अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। इस दौरान मेरठ मंडल अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष उप्र अंजू सिंह, राजा बाबू, गाजियाबाद जिलाध्यक्ष सौरभ पासवान, महेश प्रसाद, मोहित वर्मा, प्रदीप सहित काफी संख्या में श्रमिक व दलित सेना के पदाधिकारी मौजूद थे।