Lakhnow : उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस का आयोजन 24 से 26 जनवरी तक अवधशिल्प ग्राम में होगा। इसके साथ ही महाकुम्भ के सेक्टर-7, नोएडा शिल्पग्राम समेत सभी 75 जनपदों में भी विविध आयोजन होंगे। लखनऊ में होने वाले मुख्य महोत्सव में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। स्थापना दिवस की थीम ‘विकास व विरासत प्रगति पथ पर उत्तर प्रदेश’ है। इस बार छह लोगों को उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा।लोकभवन सभागार में मीडिया से मुखातिब संस्कृति व पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश दिवस-2025 के आयोजन की थीम ‘विकास व विरासत प्रगति पथ पर उत्तर प्रदेश’ रखी गई है। सभी विभागों द्वारा उसी थीम पर प्रदर्शनी, संगोष्ठी, सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिता, रोड शो आदि होंगे। 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस, 25 जनवरी को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस-मतदाता जागरूकता दिवस व 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का धूमधाम से आयोजन होगा।