Uttar Pradesh : यूपी की योगी कैबिनेट ने मंगलवार को 12 अहम प्रस्तावों को मंजूरी दे दी। कैबिनेट ने नई आबकारी नीति पर भी मुहर लगा दी है। अब शराब और बीयर की दुकानों का आवंटन लाटरी सिस्टम के जरिए किया जाएगा। पिछले साल आबकारी नीति घोषित नहीं होने से सरकार को राजस्व के कलेक्शन में भारी नुकसान हुआ है। इसके साथ ही विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी से बुलाने का फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पर हुई कैबिनेट की बैठक में इसके अलावा कई अन्य प्रस्तावों पर भी मुहर लगी है। कैबिनेट के एजेंडे में माध्यमिक शिक्षा और उच्च शिक्षा के कई प्रस्ताव, औद्योगिक विकास विभाग के प्रस्तावों के साथ ही नई निर्यात नीति का प्रस्ताव लाने की चर्चा थी। गन्ना के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी का भी प्रस्ताव एजेंडे में था। फिलहाल परिवहन, पर्यटन, मेडिकल एजुकेशन विभाग के दो दो प्रस्ताव, गृह, आबकारी, दुग्ध, आवास व बेसिक व संसदीय विभाग के एक एक यानी कुल 12 प्रस्ताव मंजूर हुए हैं। फैसलों के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार की सुबह साढ़े दस बजे कैबिनेट में पास हुए फैसलों के बारे में विस्तार से बताया जाएगा।