Lakhnow : उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन की आधिकारिक वेबसाइट पर अलीगढ़ निवासी शमशाद निसार का नाम उपाध्यक्ष के रूप में दर्ज है, लेकिन वे स्वयं को एसोसिएशन का कार्यवाहक अध्यक्ष बताने का दावा कर रहे हैं। इतना ही नहीं, वे वेबसाइट की प्रामाणिकता पर सवाल उठाते हुए एसोसिएशन पर बेबुनियाद भ्रष्टाचार के आरोप भी लगा रहे हैं। शमशाद निसार के इस दावे से न केवल जनपद के एथलेटिक्स खिलाड़ियों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है, बल्कि अलीगढ़ के मीडिया और जिला खेल विभाग में भी असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है। जिला ओलंपिक एसोसिएशन, अलीगढ़ से खिलाड़ी, अभिभावक और प्रशिक्षक वास्तविकता की जानकारी प्राप्त करने का प्रयास कर रहे हैं। एसोसिएशन का स्पष्ट मत है कि आधिकारिक वेबसाइट पर दर्ज जानकारी को ही सत्य माना जाए। आज के समाचार पत्रों में अंतरराष्ट्रीय एथलीट हवलदार गुलबीर सिंह द्वारा जीते गए पदकों के प्रकाशन में शमशाद निसार ने अपने बयान के माध्यम से पुनः भ्रम फैलाने का प्रयास किया है। इससे खेल प्रेमियों, एथलीटों और प्रशिक्षकों में असमंजस की स्थिति और बढ़ गई है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से अनुरोध किया गया है कि इस प्रकरण की सत्यता की जांच कर भ्रम फैलाने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के बीच स्पष्टता बनी रहे।