New Delhi : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विधानसभा में उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए महाकुंभ 2025 को ‘मृत्यु कुंभ’ कहा। हालांकि, उन्होंने महाकुंभ और गंगा नदी के प्रति सम्मान भी व्यक्त किया। मुख्यमंत्री बनर्जी ने कहा, “यह मृत्यु कुंभ है… मैं महाकुंभ और गंगा मां का सम्मान करती हूं, लेकिन इसके लिए कोई उचित योजना नहीं है। गरीबों के लिए कोई सुविधा नहीं दी गई, जबकि अमीरों और वीआईपी लोगों को एक लाख रुपये तक के शिविर दिए जा रहे हैं। मेले में भगदड़ की स्थिति आम है, सरकार ने क्या योजना बनाई है ममता बनर्जी ने राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस के भाषण पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में विपक्ष को 50% समय दिया गया, लेकिन भाजपा, कांग्रेस और माकपा एकजुट होकर उनके खिलाफ खड़े हो गए। मुख्यमंत्री बनर्जी ने कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी का मतलब सांप्रदायिकता फैलाना नहीं होता। उन्होंने विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी पर निशाना साधते हुए कहा कि हिंदू धर्म को लेकर दिए उनके बयानों के कारण उन्हें सदन से निलंबित किया गया।