New Delhi : दिल्ली विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले आज भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में होने वाली इस बैठक में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मंत्री और सभी विधायक मौजूद रहेंगे। बैठक में सदन की कार्यवाही और रणनीति पर चर्चा होगी। रेखा गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा सरकार पूरी तरह से सक्रिय है। मंत्री अपने विभागों की समीक्षा कर रहे हैं और पिछली सरकार की कमियों को दूर करने के लिए तेजी से कदम उठा रहे हैं। 24 फरवरी को सुबह 11 बजे से विधानसभा सत्र शुरू होगा। 25 फरवरी को उपराज्यपाल का अभिभाषण होगा और लंबित सीएजी रिपोर्ट सदन में रखी जाएगी। 27 फरवरी को अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया जाएगा। 27 फरवरी को सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस की संभावना है। सरकार सीएजी रिपोर्ट के आधार पर भ्रष्टाचार के मुद्दे पर हमलावर हो सकती है, जबकि आम आदमी पार्टी भाजपा से चुनावी वादों पर जवाब मांगेगी।