New Delhi : तेलंगाना के नगरकुरनूल जिले में श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल (एसएलबीसी) परियोजना की सुरंग ढहने के बाद फंसे आठ श्रमिकों को बचाने की संभावनाएं लगातार कम हो रही हैं। पानी और कीचड़ के बढ़ते स्तर से बचाव कार्य में भारी दिक्कतें आ रही हैं।बचाव अभियान में भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई), राष्ट्रीय भूभौतिकीय अनुसंधान संस्थान (एनजीआरआई) और एलएंडटी के विशेषज्ञ शामिल किए गए हैं। जिलाधिकारी बी. संतोष ने बताया कि अब तक फंसे लोगों से संपर्क नहीं हो पाया है। टनल बोरिंग मशीन और कन्वेयर बेल्ट क्षतिग्रस्त होने से बचाव कार्य बाधित हुआ है। ‘रैट माइनर्स’ की विशेष टीम भी राहत कार्य में जुटी है। सेना, नौसेना और एनडीआरएफ समेत 584 विशेषज्ञों की टीम लगातार प्रयास कर रही है। सुरंग में पानी और मलबे की वजह से खोजी कुत्ते भी आगे नहीं बढ़ पा रहे। मंत्री जुपल्ली कृष्णा राव ने बताया कि फंसे श्रमिकों के जीवित होने की संभावना बहुत कम है और राहत कार्य में तीन-चार दिन और लग सकते हैं।