New Delhi : अमेरिका, जो अब तक यूक्रेन का समर्थन कर रहा था, अब रूस के प्रति नरम रुख अपनाता नजर आ रहा है। संयुक्त राष्ट्र महासभा में अमेरिका ने यूक्रेन समर्थित यूरोपीय प्रस्ताव के खिलाफ मतदान किया, जिसमें रूसी सेना की तत्काल वापसी की मांग की गई थी। संयुक्त राष्ट्र में रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर तीन प्रस्ताव पेश किए गए। पहले प्रस्ताव में रूस की निंदा और यूक्रेन से सेना हटाने की मांग थी, जिसे 93 देशों का समर्थन मिला, 18 देशों ने विरोध किया, जबकि भारत समेत 65 देशों ने मतदान से परहेज किया। अमेरिका ने अपना एक अलग प्रस्ताव पेश किया, जिसमें युद्ध समाप्ति की अपील की गई लेकिन रूस की आक्रामकता का जिक्र नहीं था। जब यूरोपीय देशों ने इसमें रूस को आक्रमणकारी घोषित करने का संशोधन जोड़ा, तो अमेरिका ने मतदान से दूरी बना ली। संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका और यूरोप के मतभेद गहराते दिख रहे हैं, जिससे रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर अंतरराष्ट्रीय राजनीति में नई जटिलताएं पैदा हो सकती हैं।