New Delhi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने शुक्रवार को भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा की। इस वार्ता में व्यापार और निवेश सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते पर भी विचार किया गया। वॉन डेर लेयेन दो दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंची हैं और उन्होंने एक थिंक टैंक के संबोधन में यूरोप और भारत के बीच सहयोग की संभावनाओं को रेखांकित किया। रूस-यूक्रेन युद्ध, हिंद-प्रशांत क्षेत्र और पश्चिम एशिया की स्थितियों पर भी बातचीत होने की उम्मीद है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में भारत-ईयू का द्विपक्षीय व्यापार 135 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जिसमें भारत का निर्यात 76 अरब डॉलर और आयात 59 अरब डॉलर रहा। सेवाओं में भी दोनों पक्षों का व्यापार 53 अरब डॉलर तक पहुंच गया। यूरोपीय संघ भारत में 117 अरब डॉलर से अधिक का निवेश कर चुका है, जबकि भारतीय कंपनियों का यूरोपीय संघ में निवेश 40 अरब डॉलर के करीब है।