New Delhi : बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद विभागों का पुनर्वितरण किया गया, जिसमें जदयू के मंत्रियों पर कोई असर नहीं पड़ा, लेकिन बीजेपी और हम-से (हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा-सेक्युलर) के कुछ मंत्रियों के विभाग बदले गए। बीजेपी कोटे के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विभागों में कोई बदलाव नहीं हुआ, और वे वित्त एवं वाणिज्य कर विभाग संभालते रहेंगे। वहीं, दूसरे डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के अहम विभाग पथ निर्माण और कला-संस्कृति एवं युवा विभाग लेकर अन्य मंत्रियों को सौंप दिए गए। भाजपा के मंत्रियों के विभागों में बड़ा फेरबदल नितिन नवीन का नगर विकास एवं आवास विभाग लेकर जीवेश कुमार को दिया गया, जबकि नवीन को पथ निर्माण विभाग सौंपा गया। मंगल पांडेय से कृषि विभाग लेकर विजय कुमार सिन्हा को दे दिया गया, जबकि पांडेय को अब स्वास्थ्य और विधि विभाग मिले। डॉ. प्रेम कुमार अब केवल सहकारिता मंत्री रहेंगे, उनका पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग डॉ. सुनील कुमार को सौंपा गया। नीतीश मिश्रा से पर्यटन विभाग लेकर राजू कुमार सिंह को दिया गया। हम-से के संतोष कुमार सुमन को झटका हम-से के संतोष कुमार सुमन से आपदा प्रबंधन विभाग लेकर विजय मंडल को दे दिया गया और सूचना प्रावैधिकी विभाग अब कृष्ण कुमार सिंह उर्फ मंटू सिंह पटेल के पास गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास सामान्य प्रशासन समेत सभी गैर-आवंटित विभाग बने रहेंगे। नई विभागीय जिम्मेदारियों की प्रमुख सूची: विजय कुमार सिन्हा (भाजपा): खान एवं भू तत्व, कृषि। मंगल पांडेय (भाजपा): स्वास्थ्य, विधि। नितिन नवीन (भाजपा): पथ निर्माण। नीतीश मिश्रा (भाजपा): उद्योग। संतोष कुमार सुमन (हम-से): लघु जल संसाधन। विजय मंडल (भाजपा): आपदा प्रबंधन। राजू कुमार सिंह (भाजपा): पर्यटन। डॉ. सुनील कुमार (भाजपा): पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन। मंटू सिंह (भाजपा): सूचना प्रावैधिकी। इस बदलाव के साथ बिहार की राजनीति में नई सियासी हलचल तेज हो गई है।