New Delhi : नीति आयोग के पूर्व सीईओ और जी-20 शेरपा अमिताभ कांत ने कहा कि भारत को 2047 तक 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। उन्होंने जापान, दक्षिण कोरिया और चीन का उदाहरण देते हुए कहा कि इन देशों ने मजबूत कार्य संस्कृति से आर्थिक सफलता हासिल की है और भारत को भी यही दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। बिजनेस स्टैंडर्ड के मंथन सम्मेलन में बोलते हुए कांत ने कहा, “मैं कड़ी मेहनत में विश्वास करता हूं। भारतीयों को सप्ताह में 80-90 घंटे भी काम करने से पीछे नहीं हटना चाहिए। सिर्फ मनोरंजन या फिल्मी सितारों के विचारों का अनुसरण करके आर्थिक प्रगति संभव नहीं है।” उनका यह बयान भारत में काम के घंटों को लेकर चल रही बहस के बीच आया है और इस पर विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।