New Delhi : आर्थिक थिंक टैंक GTRI (ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनीशिएटिव) ने कहा है कि भारत के आयात शुल्क वैश्विक व्यापार नियमों के अनुसार हैं और सरकार को इसे अमेरिकी प्रशासन के सामने स्पष्ट करना चाहिए। GTRI के संस्थापक अजय श्रीवास्तव ने कहा कि भारत द्वारा लगाए गए टैरिफ 1995 में WTO के तहत तय किए गए थे और अमेरिका सहित सभी देशों ने इन्हें स्वीकार किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका, खासकर पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, WTO नियमों को नजरअंदाज कर भारत पर अनुचित टैरिफ लगाने का आरोप लगाते रहे हैं। GTRI ने चेतावनी दी कि अमेरिका के साथ मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत भारत के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है। अमेरिका, भारत पर सरकारी खरीद नीति में बदलाव, कृषि सब्सिडी में कटौती, पेटेंट सुरक्षा में ढील और डेटा प्रवाह पर प्रतिबंध हटाने का दबाव डाल सकता है, जिसका भारत लंबे समय से विरोध करता आ रहा है।