New Delhi : कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में दुष्कर्म और हत्या की शिकार हुई जूनियर डॉक्टर के पिता ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर सबूतों से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट में याचिका दायर कर 54 सवाल उठाए गए हैं, जिनका जवाब मिलना जरूरी है ताकि उनकी बेटी को न्याय मिल सके। पीड़िता के पिता ने दावा किया कि मामले में कई लोग शामिल हैं और जांच को प्रभावित किया जा रहा है। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड को बुलाया था, लेकिन अभी तक उसकी रिपोर्ट नहीं दी गई। वकील करुणा नंदी ने बताया कि आरोपी पुलिस अधिकारी अभिजीत मंडल और मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल संदीप घोष को 180 दिन से अधिक हो चुके हैं, लेकिन पुलिस की लापरवाही के चलते मंडल को महज 2000 रुपये की जमानत पर रिहा कर दिया गया। पीड़िता की मां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर न्याय की मांग की है, क्योंकि घटना के सात महीने बाद भी परिवार न्याय के लिए भटक रहा है। 9 अगस्त 2024 को हुए इस जघन्य अपराध के बाद पूरे देश में आक्रोश फैला था, लेकिन परिजनों का कहना है कि न्याय मिलने में अब भी बाधाएं आ रही हैं।