New Delhi : मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित बाबा महाकालेश्वर मंदिर के शंख द्वार पर अचानक भीषण आग लग गई, जिसकी लपटें और धुआं एक किलोमीटर दूर से दिखाई दिए। जानकारी के अनुसार, आग मंदिर के कंट्रोल रूम में लगी बैटरी से लगी थी। दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। महाकाल मंदिर में उस समय भारी भीड़ थी, लेकिन घटना के बाद तुरंत भक्तों का प्रवेश रोक दिया गया। स्थिति सामान्य होने पर मंदिर को फिर से खोल दिया गया। महाकाल मंदिर प्रशासक के अनुसार, हादसा अवंतिका गेट के कंट्रोल रूम की छत पर स्थित एयर क्वालिटी मैनेजमेंट सिस्टम की बैटरी से हुआ था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद कलेक्टर और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।