Uttar Pradesh : अलीगढ़ के गाँधी पार्क थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक विवाहिता को उसके पति और सास ने मिलकर आग के हवाले कर दिया। पीड़िता की बेटी ने पुलिस को बताया कि उसकी माँ लंबे समय से अपने पति और सास के बीच चल रहे अवैध संबंधों का विरोध कर रही थी। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ता चला गया। आरोप है कि विरोध करने पर महिला को साजिशन जला दिया गया। गंभीर रूप से झुलसी महिला को उसकी बेटी ने तत्काल जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गाँधी पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता की बेटी के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की जा रही है।