New Delhi : श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुलगाम जिले के खुडवानी क्षेत्र में अमरनाथ यात्रा काफिले के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बालटाल की ओर जा रहे काफिले की तीन बसें टैचलू क्रॉसिंग के पास आपस में टकरा गईं। हादसे में 10 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं। घायल श्रद्धालुओं को तुरंत क़ैमोह अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद नौ श्रद्धालुओं को सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अनंतनाग रेफर किया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि घायलों की हालत स्थिर है और चोटें मामूली हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की देखभाल के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए हैं और यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।