Lakhnow : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में बताया कि 2017 से अब तक 1.56 लाख पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई है। उन्होंने कहा कि 60,200 पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और उनका प्रशिक्षण अगले महीने से शुरू होगा, जबकि 30,000 नई भर्तियां जल्द शुरू होंगी। सीएम ने बताया कि स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स का गठन किया गया है, जो मेट्रो और एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात होगी। इसके अलावा, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और साइबर क्राइम यूनिट को मजबूत किया गया है। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) में 2668 पुलिसकर्मियों की नई तैनाती के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डीजीपी मुख्यालय ने 215 उपनिरीक्षकों और 2453 आरक्षियों के लिए पुलिस कमिश्नरों और आईजी रेंज से नाम मांगे हैं।