Prayagraj : प्रयागराज महाकुंभ में दिव्य ज्योति वेद मंदिर ने दिव्य गुरु आशुतोष महाराज के मार्गदर्शन में 33 दिवसीय अखंड रुद्रीपाठ महा दिव्य अनुष्ठानम् संपन्न कर विश्व कीर्तिमान स्थापित किया। इस आयोजन में 566 वेदपाठकों ने 794 घंटे तक रुद्राष्टाध्यायी पाठ किया, जिसमें 11,151 संहिता पाठ और 2,64,249 मंत्रों का उच्चारण हुआ। यह ऐतिहासिक उपलब्धि एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज की गई। समापन समारोह में आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर, सांसद अनुराग ठाकुर, ओलंपियन योगेश्वर दत्त, अभिनेता सौरभ राज जैन समेत कई गणमान्य अतिथि शामिल हुए। वैदिक मंत्रों की दिव्य गूंज और भव्य महायज्ञ ने भक्तों को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। यह आयोजन आयुष मंत्रालय और संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों से भी संबद्ध रहा, जिससे आध्यात्म, विज्ञान और सामाजिक समरसता को एक नई दिशा मिली।