New Delhi : दिल्ली विधानसभा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी CAG रिपोर्ट पेश की, जिससे राजनीतिक घमासान मच गया। इससे पहले शराब नीति पर आई रिपोर्ट को लेकर भी बवाल हुआ था। विधानसभा के बाहर AAP नेता आतिशी और विधायक प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्हें राष्ट्रपति भवन जाने से रोका गया। आम आदमी पार्टी के सभी विधायक, अमानतुल्लाह खान को छोड़कर, 25 फरवरी को सदन से निष्कासित कर दिए गए थे। मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि यह रिपोर्ट अरविंद केजरीवाल सरकार के स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए भ्रष्टाचार को उजागर करती है। वहीं, भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय ने आरोप लगाया कि हर विभाग में घोटाले हुए हैं और जनता की गाढ़ी कमाई को लूटा गया है। AAP नेता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि CAG रिपोर्ट पेश होना एक सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन भाजपा इसे अपने हिसाब से पेश कर रही है। आप विधायक गोपाल राय ने कहा कि विपक्ष को बोलने नहीं दिया जा रहा, जो भारतीय राजनीति में पहली बार हो रहा है। भाजपा विधायक अभय वर्मा ने कहा कि आप नेता भ्रष्टाचारियों को भारत रत्न देने की बात कर रहे थे, लेकिन अब CAG रिपोर्ट ने उनकी सच्चाई उजागर कर दी है। मंत्री कपिल मिश्रा ने आरोप लगाया कि जहां-जहां केजरीवाल ने हाथ लगाया, वहीं भ्रष्टाचार हुआ। विधानसभा में भाजपा नेता रिपोर्ट के विभिन्न पहलुओं को उजागर कर रहे हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने दावा किया कि 10 साल में अरविंद केजरीवाल सरकार ने कोई भी CAG रिपोर्ट सदन में पेश नहीं की।