New Delhi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रयागराज में संपन्न महाकुंभ को ‘युग परिवर्तन की आहट’ करार दिया। अपने ब्लॉग में उन्होंने इसे भारत की विकास यात्रा का नया अध्याय बताते हुए ‘विकसित भारत’ का संदेश देने वाला आयोजन बताया। पीएम मोदी ने महाकुंभ को ‘एकता का महायज्ञ’ बताते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग और क्षेत्र के लोग इसमें एकजुट हुए। उन्होंने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे भारत की आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक एकता को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने लिखा कि प्रयागराज के संगम पर करोड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत आज भी समाज को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए उत्तर प्रदेश सरकार और आम जनता के प्रयासों की सराहना की और जल्द ही सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर राष्ट्र की समृद्धि और एकता के लिए प्रार्थना करने की बात कही।