Greater Noida : (कृष्णा वत्स ) चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है, प्यास से बेहाल राहगीरों को पीने का पानी तक नसीब नहीं हो पा रहा है।इसकी वजह है नगर पंचायत की ओर से लगाए गए वाटर कूलर का गायब हो जाना हैं, तो वहीं जहांगीरपुर से चांचली मार्ग पर वाटर कूलर ही रखना भूल गए हैं। नगर पंचायत ने लाखों रुपये खर्च करके प्याऊ स्टैंड बनवा तो दिया लेकिन नियमित इसकी देखभाल नहीं होने से आमजन को इससे कोई लाभ नहीं मिला।नगर पंचायत में जगह-जगह प्याऊ लगाए गए, लेकिन वो सिर्फ शो पीस की तरह खड़े हैं।प्यास बुझाने वाले प्याऊ खुद प्यासे पड़े हैं।राहगीर बड़ी उम्मीद से प्याऊ की तरफ बढ़ते हैं लेकिन वहां से वाटर कुलर ही गायब देख उदासी से वे लौट आते हैं।लोग इसकी शिकायत सोशल मीडिया से अधिकारियों से कर चुके हैं लेकिन प्रशासनिक व्यवस्था इतनी लचर है कि सरकार की योजनाओं को भी पलीता लगा रही है।लाखों रुपये खर्चकर प्याऊ लगाया गया लेकिन यह कबाड़ के अलावा और कुछ नहीं है। स्थानीय लोगों की माने तो प्याऊ सही हो जाए तो मेहनत मजदूरी करके आए लोगों को ठंडा पानी पीने को मिल पाएगा।