Lucknow : उत्तर प्रदेश सरकार ने पोस्टमार्टम प्रक्रिया को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब किसी भी मृत्यु के बाद पोस्टमार्टम के लिए पीड़ित परिवारों को घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश भर में सभी पोस्टमार्टम कार्य अधिकतम चार घंटे के भीतर पूरे किए जाएं। डिप्टी सीएम ने कहा कि कई बार पीड़ित परिवारों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के इंतजार में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, जिससे उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से परेशानी होती है। इसे देखते हुए यह निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि मृतकों के परिजनों को समय से शव मिल सके और वे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कर सकें। उन्होंने कहा कि सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) और अस्पताल प्रशासन यह सुनिश्चित करें कि पोस्टमार्टम के लिए आवश्यक संसाधन, डॉक्टरों की उपलब्धता और रिपोर्टिंग प्रक्रिया को दुरुस्त किया जाए। यदि किसी जगह लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।