Lucknow : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों से अपील की है कि वे खाद का भंडारण न करें और जितनी आवश्यकता हो, उतनी ही खाद लें। उन्होंने कहा कि जब-जब आवश्यकता हो, तब-तब खाद लेने की व्यवस्था है। मुख्यमंत्री ने उर्वरक की ओवररेटिंग और कालाबाजारी करने वालों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने जनपद में तैनात अधिकारियों को समय-समय पर निरीक्षण करने, किसानों से संवाद स्थापित करने और समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए। योगी सरकार ने साफ किया है कि प्रदेश में कहीं भी उर्वरकों की कमी नहीं है और किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। कृषि विभाग के अनुसार, सभी 18 मंडलों में खाद की उपलब्धता और बिक्री की जानकारी दी गई है। बीते वर्ष के खरीफ सत्र 2024 में 18 अगस्त तक 36.76 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की बिक्री हुई थी, जबकि इस वर्ष अब तक 42.64 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की बिक्री की जा चुकी है।