New Delhi : खोजी पोर्टल कोबरापोस्ट ने गुरुवार को दावा किया कि अनिल अंबानी के रिलायंस समूह ने वर्ष 2006 से अपनी कंपनियों के माध्यम से 41,921 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय हेराफेरी की है। पोर्टल के अनुसार, बैंक ऋण, आईपीओ और बॉन्ड से जुटाई गई लगभग 28,874 करोड़ रुपये की राशि समूह की सूचीबद्ध कंपनियों से प्रमोटर से जुड़ी फर्मों में भेजी गई। कोबरापोस्ट ने कहा कि इसमें रिलायंस कम्युनिकेशंस, रिलायंस कैपिटल, रिलायंस होम फाइनेंस, रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस और रिलायंस कॉरपोरेट एडवाइजरी सर्विसेज जैसी कंपनियां शामिल हैं। वहीं अनिल अंबानी समूह ने इन आरोपों को दुर्भावनापूर्ण, झूठा और शेयर कीमतों को प्रभावित करने की साजिश बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया है।