NewDelhi :राजधानी दिल्ली सोमवार शाम एक भीषण धमाके से दहल उठी। लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास भीड़भाड़ वाले इलाके में खड़ी एक कार में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत एलएनजेपी अस्पताल और आसपास के अन्य मेडिकल केंद्रों में भर्ती कराया गया। भूटान यात्रा से लौटते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीधे एलएनजेपी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन से उपचार की जानकारी ली और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।