हरिगढ़ : जेवर एयरपोर्ट से सटे अलीगढ़ के खैर तहसील क्षेत्र में जमीन के भाव आसमान छू रहे हैं। केन्द्र व राज्य सरकार के कई प्रमुख प्रोजेक्ट भी इसी क्षेत्र में विकसित हो रहे हैं। वहीं ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गर्वमेंट द्वारा कराए गए सर्वे में 2031 में खैर नगर पालिका को सबसे अधिक आबादी वाली पालिका का अनुमान जताया है। अलीगढ़ महायोजना: 2031 पहली जीआईएस बेस्ड महायोजना है। सुनियोजित विकास के लिए अगले 10 वर्ष को ध्यान में रखते हुए यह बीते दिनों तैयार की गई थी। साल 2031 तक प्राधिकरण क्षेत्र में 43 लाख की अनुमानित आबादी की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकास का खाका खींचा गया है। ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट की तरफ से प्राधिकरण क्षेत्र में आने वाली सभी नगर पंचायतों व नगर पालिकाओं को शामिल करते हुए 2031 में यहां होने वाली आबादी का आंकलन किया है।