Greater Noida : हिंदू संगठनों ने शुक्रवार को एकजुट होकर कासना स्थित कोल्ड स्टोर के बाहर हवन करने का ऐलान किया है। जिसके बाद पुलिस अलर्ट मोड में है। मामले की गंभीरता व उपद्रव की आशंका को देखते हुए हिंदू व सामाजिक संगठनों को समझाने का भी प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के विश्वसनीय सूत्रों की माने तो बुधवार को डीसीपी ग्रेटर नोएडा के कार्यालय में एक बैठक भी बुलाई गई है। जांच समिति भी गठित कर दी गई है। जांच निष्पक्ष हो दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनीष कुमार को जांच अधिकारी (आइओ) बनाया गया है। कासना कोतवाली क्षेत्र के साइट पांच में संचालित कोल्ड स्टोर में मिले मांस की खेप के बाद हिंदू संगठनों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को जनसंख्या समाधान फाउंडेशन बैनर तले हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। संगठन कार्यकर्ताओं ने कोल्ड स्टोर संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा व पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए शुक्रवार को कोल्ड स्टोर के बाहर शांति हवन करने की अनुमति मांगी है।
संगठन कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि मिला मांस प्रतिबंधित पशुओं का है। आरोपितों के पास कोल्ड स्टोर संचालन की भी कोई मान्यता नहीं थी। आखिर अवैध कार्य किसकी सह पर चल रहा था। इसकी जांच होनी चाहिए। संगठन कार्यकर्ताओं ने पुलिस की भूमिका पर भी संदेह जताते हुए नाराजगी जताई है।