Mathura : ठाकुर बांकेबिहारी के प्राकट्योत्सव पर बांकेबिहारी मंदिर से लेकर निधिवन राज मंदिर तक उल्लास में डूबा है। शुक्रवार सुबह पांच बजे निधिवन राज मंदिर स्थित ठाकुरजी की प्राकट्यस्थली पर पांच कुंतल दूध, दही, शहद, घी, शर्करा, जड़ी-बूटियों से महाभिषेक होगा। आरती उतारने के साथ बधाई गायन होगा और इसके बाद बधाई यात्रा शुरू होगी। यह यात्रा निधिवन राज मंदिर से निकलकर बांकेबिहारी मंदिर तक पहुंचेगी। बांकेबिहारी की प्राकट्यस्थली निधिवन राज मंदिर में होने वाले प्राकट्योत्सव के बारे में सेवायत भीकचंद गोस्वामी ने बताया, आराध्य के प्राकट्योत्सव पर महिला श्रद्धालु बधाई गायन करेंगी और सुबह आठ बजे से बधाई यात्रा शुरू होगी। ठाकुर बांकेबिहारी के प्राकट्यकर्ता संगीत सम्राट स्वामी हरिदास चांदी के रथ में विराजमान होकर बधाई लेकर बांकेबिहारी मंदिर के लिए रवाना होंगे। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए दोपहर को राजभोग के बाद मंदिर पहुंचेगी और स्वामी हरिदास अपने लड़ैते बांकेबिहारी को बधाई अर्पित करेंगे। निधिवन में रात में आतिशबाजी होगी।