Prayagraj : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रयागराज पहुंचकर महाकुंभ 2025 की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अरैल में बनी टेंट सिटी और दशाश्वमेध घाट के कार्यों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही दशाश्वमेध महादेव मंदिर में पूजन के बाद मेला प्राधिकरण के कार्यालय में समीक्षा बैठक की।मुख्यमंत्री ने पांटून पुल, चकर्ड प्लेट, शौचालय, अस्पताल, बिजली और पानी की पाइपलाइन जैसी बुनियादी सुविधाओं की प्रगति का आकलन किया। जानकारी के अनुसार, मेला क्षेत्र में बनने वाले 30 पांटून पुलों में से अब तक केवल 20 का निर्माण हुआ है। संतों और श्रद्धालुओं को हो रही असुविधा पर नाराजगी जताते हुए सीएम योगी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी कार्य 30 दिसंबर तक हर हाल में पूरे किए जाएं।उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में काम पूरा न होने पर संबंधित विभागों की जवाबदेही तय की जाएगी। महाकुंभ की तैयारियों में तेजी लाने के लिए मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय से कार्य करने पर जोर दिया।