Greater Noida : नोएडा एयरपोर्ट के संचालन से पहले यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) शहर में छह प्रमुख रूटों पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन कराने की कवायद में जुटी है। इन रूटों के जरिये एयरपोर्ट को यमुना सिटी के साथ ही नोएडा, ग्रेनो और आसपास के जिलों की कनेक्टविटी बेहतर की जाएगी प्रस्तावित छह रूटों में दो रूट रोडवेज निगम ने मंजूर कर दिया है। बाकी चार रूटों का प्रस्ताव यीडा ने निगम को भेज दिया है। इन रूटों पर सहमति बनने के बाद जेवर, बुलंदशहर, सिकंदराबाद खुर्जा, टप्पल समेत शहरों के बीच परिवहन की सुविधा मिलेगी। अप्रैल में एयरपोर्ट से उड़ान प्रस्तावित है। ऐसे में गौतमबुद्ध नगर के अलावा बुलंदशहर और अलीगढ़ के यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए यीडा बसों के नए रूट पर मंथन कर रहा है। प्राधिकरण ने बुलंदशहर, अलीगढ़ के अलग अलग क्षेत्रों से एयरपोर्ट तक बसों के संचालन का निर्णय लिया है।