Harigarh : जिला प्रशासन ने सरकारी अस्पतालों से मरीजों को निजी अस्पतालों में अनधिकृत रूप से रेफर करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। डीएम संजीव रंजन ने जिला सतर्कता समिति की बैठक में आदेश दिया कि सभी सरकारी डॉक्टरों से शपथ पत्र लिया जाए कि वे निजी प्रैक्टिस नहीं कर रहे हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत चिकित्सकों की भी गोपनीय जांच होगी। डीएम ने निर्देश दिए कि यदि किसी सरकारी अस्पताल में कोई जांच या सुविधा उपलब्ध नहीं है, तो मरीज को सीधे दूसरे सरकारी अस्पताल में रेफर किया जाए ताकि वह निःशुल्क सेवाओं का लाभ उठा सके। बैठक में सीएमओ डॉ. नीरज त्यागी समेत अन्य चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।