Lucknow : लखनऊ में गुरुवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मनरेगा मजदूरों की लंबित मजदूरी को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि आठ महीने से मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ, जिससे मजदूर होली तक नहीं मना पाएंगे। कांग्रेस ने संसद से सड़क तक आंदोलन करने की चेतावनी दी है। अजय राय ने बताया कि उत्तर प्रदेश में 1.09 करोड़ एक्टिव जॉब कार्ड धारक हैं, जिनमें से करीब 1.10 करोड़ मजदूरों को 9 दिसंबर 2024 से मजदूरी नहीं मिली है। उनकी बकाया राशि 99.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जबकि कानून के मुताबिक 15 दिनों के भीतर भुगतान होना चाहिए। राय ने यह भी आरोप लगाया कि 2015 से संविदा कर्मियों का ईपीएफ सरकार ने जमा नहीं किया, जिससे 2000 से ज्यादा संविदा कर्मियों की मृत्यु के बावजूद उनके परिवारों को कोई लाभ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि सरकार नियोक्ता के 13% ईपीएफ अंशदान को भी कर्मियों के वेतन से काट रही है, जो नियम विरुद्ध है और सरकार की संविदाकर्मी विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।|