इस्लामाबाद: बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तान में बड़ा हमला किया है। आतंकियों ने क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस ट्रेन में 100 से अधिक यात्रियों को बंधक बना लिया है। बताया जा रहा है कि ट्रेन के 9 कोच में 450 से अधिक यात्री सवार हैं और यह क्वेटा से करीब 125 किमी दूर बोलन स्टेशन के पास रुकी हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुठभेड़ में पाकिस्तानी सेना के छह जवान मारे गए हैं, जबकि ट्रेन के लोको पायलट को गोली लगने से गंभीर चोटें आई हैं। बीएलए ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए पाकिस्तानी सेना को हवाई हमले रोकने की चेतावनी दी है, अन्यथा सभी बंधकों को मारने की धमकी दी है।बीएलए के मजीद ब्रिगेड, एसटीओएस, फतेह स्क्वाड और जिराब यूनिट इस हमले में शामिल हैं। पाकिस्तानी सेना ने हेलीकॉप्टर और ड्रोन से जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है, लेकिन बीएलए के तीव्र हमले के बाद सेना को पीछे हटने पर मजबूर होना पड़ा है।