Noida : सनसनीखेज नोएडा पुलिस ने एक मामले का खुलासा करते हुए “भारत 24” न्यूज चैनल की एंकर शाजिया निसार और “अमर उजाला” डिजिटल के एंकर आदर्श झा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इन दोनों पत्रकारों पर चैनल के वरिष्ठ अधिकारियों को यौन शोषण के आरोप में फंसाने की धमकी देकर 65 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप है। मामले की शिकायत “भारत 24” चैनल के प्रबंधन ने की थी, जिसके प्रमुख जगदीश चंद्रा हैं।पुलिस ने शाजिया निसार के आवास पर छापा मारकर 34.50 लाख रुपए नगद बरामद किए। शुरुआती जांच में इस रकम को ब्लैकमेलिंग से अर्जित किए गए पैसों के तौर पर देखा जा रहा है। इस खुलासे के बाद मीडिया जगत में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कड़ी पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।”भारत 24” न्यूज चैनल प्रबंधन ने पुलिस को बताया कि शाजिया निसार और आदर्श झा ने चैनल के वरिष्ठ पदाधिकारियों पर यौन शोषण के झूठे आरोप लगाने और बदनाम करने की धमकी दी। बदले में दोनों ने 65 करोड़ रुपए की भारी-भरकम रंगदारी की मांग की। पुलिस ने चैनल प्रबंधन की शिकायत पर FIR दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की।नोएडा पुलिस का कहना है कि दोनों पत्रकारों के खिलाफ लगे आरोपों की पुष्टि हो चुकी है और बरामद कैश भी इस आपराधिक साजिश की कड़ी मानी जा रही है। पुलिस इस प्रकरण में और भी लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है। इस मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी खंगाले जा रहे हैं।
इस गिरफ्तारी ने मीडिया जगत में हड़कंप मचा दिया है। पत्रकारिता की आड़ में इस तरह के कृत्य ने ईमानदार पत्रकारों की छवि पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि किसी भी सूरत में कानून का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।