Uttar Pradesh : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर ‘जनता दर्शन’ के दौरान मुरादाबाद की एक नन्हीं बच्ची वाची की मासूम फरियाद सुनी। वाची ने मुख्यमंत्री से कहा कि वह स्कूल जाना चाहती है और उसका एडमिशन कराया जाए। इस पर मुख्यमंत्री ने न सिर्फ उसका हालचाल पूछा, बल्कि उसका प्रार्थना पत्र पढ़कर प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद को निर्देश दिया कि “इस बच्ची का एडमिशन हर हाल में कराओ।” मुख्यमंत्री योगी ने वाची से बातचीत के दौरान मुस्कराते हुए पूछा कि वह किस कक्षा में पढ़ना चाहती है 10वीं या 11वीं? इस पर बच्ची ने मासूमियत से जवाब दिया, “अरे, मुझे नाम नहीं पता।” इस दिलचस्प बातचीत ने मौके पर मौजूद सभी लोगों को मुस्कुराने पर मजबूर कर दिया। बाद में वाची ने खुशी से बताया कि “सीएम ने मुझे बिस्कुट और चॉकलेट भी दी। मैंने उनसे कहा कि मेरा स्कूल में एडमिशन करवा दो, उन्होंने हां कहा।” बच्ची की इस मासूम मांग और मुख्यमंत्री के त्वरित संज्ञान ने सभी का दिल जीत लिया।