Uttar Pradesh : आगरा के थाना मंसुखपुरा क्षेत्र के गांव पापरी नागर तिराहे के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। गिट्टी से भरे ओवरलोड डंपर ट्रक ने बाइक सवार महिला, उसकी पुत्री और बहन के लड़के को कुचल दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि डंपर करीब आधा किलोमीटर तक बाइक सवारों को घसीटते हुए ले गया। हादसे के बाद मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और आक्रोश में डंपर में तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को शांत कराने की कोशिश की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए शव नहीं उठाने दिए।